:- एमडी अजय कुमार सिंह ने रामगंगा परियोजना, चीला पावर हाउस और पशुलोक बैराज का किया औचक निरीक्षण, 24×7 अलर्ट मोड में रहने के निर्देश
देहरादून। उत्तराखंड में भारी बारिश और मौसम विभाग के रेड अलर्ट के मद्देनजर यूजेवीएन लिमिटेड ने अपनी जल विद्युत परियोजनाओं और विद्युत गृहों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। परियोजनाओं में जलस्तर, बांध, बैराज, विद्युत गृह और अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही विद्युत उत्पादन की निरंतरता बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
इसी क्रम में यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने रविवार को कालागढ़ स्थित रामगंगा जल विद्युत परियोजना, चीला विद्युत गृह और पशुलोक बैराज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजनाओं की सुरक्षा व्यवस्था, जल प्रवाह और परिचालन स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों से वर्तमान परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी ली।
रामगंगा बांध के जलस्तर की ली जानकारी
जनपद पौड़ी गढ़वाल के कालागढ़ क्षेत्र में स्थित रामगंगा परियोजना के जलाशय, बांध, बैराज, विद्युत गृह और अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं का निरीक्षण करते हुए एमडी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वर्तमान में रामगंगा बांध का जलस्तर 359.360 मीटर दर्ज किया गया।
अजय कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारी बारिश को देखते हुए जलाशय के जलस्तर और जल प्रवाह पर लगातार निगरानी रखी जाए। किसी भी असामान्य परिवर्तन या संभावित जोखिम की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और आवश्यक कार्मिकों को अपने कार्यस्थलों पर उपलब्ध रहते हुए 24×7 अलर्ट मोड में काम करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं तैयार रखने को कहा।
चीला विद्युत गृह और पशुलोक बैराज का भी निरीक्षण
रामगंगा परियोजना के बाद प्रबंध निदेशक ने चीला विद्युत गृह और पशुलोक बैराज का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं, जल प्रवाह, परिचालन स्थिति और विद्युत उत्पादन की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों में परियोजनाओं और कार्मिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित परिचालन के माध्यम से विद्युत उत्पादन की निरंतरता बनाए रखी जाए। साथ ही उपलब्ध जल संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यूपीसीएल और पिटकुल के साथ समन्वय पर जोर
अजय कुमार सिंह ने कहा कि राज्य में निर्बाध विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखना यूजेवीएनएल की प्राथमिकता है। इसके लिए अधिकारियों को यूपीसीएल और पिटकुल के साथ निरंतर एवं प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने विद्युत उत्पादन, पारेषण और ग्रिड की स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने तथा आवश्यकता पड़ने पर ऊर्जा के तीनों निगमों के बीच त्वरित समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि प्रतिकूल मौसम के दौरान राज्य की विद्युत व्यवस्था के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
असामान्य स्थिति की सूचना में देरी न हो
प्रबंध निदेशक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, तत्परता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति को नजरअंदाज न किया जाए और सूचना देने तथा आवश्यक कार्रवाई में किसी भी स्तर पर विलंब न हो।
उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिकूल मौसम में परियोजनाओं एवं विद्युत गृहों की सुरक्षा, कार्मिकों की सुरक्षा और विद्युत उत्पादन की निरंतरता यूजेवीएनएल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसके लिए सभी परियोजनाओं में सतत निगरानी, प्रभावी संचार और त्वरित निर्णय व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।