पांच साल तक सोती रही सरकार, चुनाव आते ही याद आई मातृशक्ति : गोदियाल

:- बैणी-भुली योजना की पहली किस्त चुनाव से पहले और दूसरी बाद में देने पर उठाए सवाल, पांच लाख महिलाओं को लाभ देने के दावे पर पूछा- बाकी महिलाओं का क्या होगा?

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने धामी सरकार की बैणी-भुली योजना को लेकर सवाल उठाते हुए इसे चुनाव से पहले महिलाओं को लुभाने की कोशिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदेश की मातृशक्ति की याद अपने पांच साल के कार्यकाल के आखिरी दो महीनों में आई है। पांच साल तक महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए और अब चुनाव नजदीक आते ही आर्थिक सहायता की घोषणा की जा रही है।

गोदियाल ने कहा कि सरकार इस योजना के तहत पांच लाख महिलाओं को लाभान्वित करने का दावा कर रही है। सवाल यह है कि क्या प्रदेश में केवल पांच लाख महिलाएं ही हैं? बाकी महिलाओं का क्या होगा? उन्होंने योजना की पहली किस्त चुनाव से पहले और अगली किस्त चुनाव के बाद देने की बात पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे सरकार की मंशा पर संदेह पैदा होता है। यह कल्याणकारी योजना से अधिक चुनावी प्रलोभन और वोट हासिल करने की रणनीति नजर आती है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा से पूछा कि बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में चुनाव के दौरान महिलाओं के खातों में धनराशि डालने की राजनीति के बाद क्या उत्तराखंड में भी उसी रणनीति पर काम किया जा रहा है? उन्होंने अंकिता भंडारी के माता-पिता को दी गई सरकारी आर्थिक सहायता वापस मांगे जाने का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि महिलाओं को दी जा रही सहायता उनका अधिकार है या चुनावी मौसम में दिया जा रहा एहसान?

गोदियाल ने कहा कि दस वर्षों की भाजपा सरकार, प्रचंड बहुमत और तथाकथित ट्रिपल इंजन की ताकत के बावजूद प्रदेश में रोजगार, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी सवाल जस के तस हैं। भर्ती घोटालों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, कानून व्यवस्था सवालों के घेरे में है और जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक से ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों के लोग परेशान हैं। मंदिरों में सोने और चंदे से जुड़े विवाद भी प्रदेश की आस्था को आहत कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं की हितैषी होती तो पांच साल के कार्यकाल में उन्हें आत्मनिर्भर बनाने, सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए ठोस प्रयास करती। प्रसूता महिलाओं को डांडी-कांडियों के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाने की मजबूरी और घास लेने जंगल जाने वाली महिलाओं पर गुलदार के हमलों जैसी समस्याओं पर भी सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए थी।

गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति को चुनावी प्रलोभन नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा, रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाएं चाहिए। महिलाएं सरकार की घोषणाओं और पांच साल के कार्यकाल के वास्तविक रिपोर्ट कार्ड के बीच का अंतर समझती हैं। भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि प्रदेश की मातृशक्ति केवल चुनाव के समय याद आने वाला वोट बैंक नहीं है। वह अपने अधिकारों और भविष्य का हिसाब मांगना जानती है।

…….

“धामी सरकार को पांच साल तक उत्तराखंड की मातृशक्ति की आर्थिक और सामाजिक स्थिति सुधारने की याद नहीं आई, लेकिन चुनाव की आहट होते ही महिलाओं के खातों में धनराशि डालने की घोषणा कर दी गई। आखिर प्रदेश की बाकी महिलाओं का क्या होगा, जिन्हें पांच लाख लाभार्थियों की सूची में जगह नहीं मिलेगी? पहली किस्त चुनाव से पहले और अगली चुनाव के बाद देने की बात सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करती है। महिलाओं को आर्थिक प्रलोभन नहीं, उनका अधिकार चाहिए। उन्हें सम्मान, सुरक्षा, रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाएं चाहिए। प्रसूता महिलाओं को आज भी डांडी-कांडियों के सहारे सड़क तक पहुंचना पड़ता है और जंगल में घास लेने जाने वाली महिलाएं गुलदार का निवाला बन रही हैं। इन समस्याओं का समाधान पांच साल में नहीं हुआ। महिला सशक्तीकरण केवल चुनाव के समय खाते में कुछ धनराशि डालने से नहीं होगा। उत्तराखंड की मातृशक्ति जागरूक है और वह सरकार से पांच साल के कामकाज का हिसाब मांगना जानती है।” – गणेश गोदियाल, प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *