अंकिता के माता-पिता को दी गई आर्थिक सहायता लौटाने को तैयार कांग्रेस : गोदियाल

दिलीप रावत पहले बताएं, सरकार ने परिवार को कितनी धनराशि दी; सहायता के बदले न्याय की मांग छोड़ने की अपेक्षा नहीं की जा सकती

देहरादून। अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने लैंसडाउन विधायक दिलीप रावत के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अंकिता के माता-पिता को कितनी आर्थिक सहायता दी, दिलीप रावत पहले इसकी जानकारी दें। कांग्रेस उस पूरी धनराशि को सरकार को लौटाने के लिए तैयार है। हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आर्थिक सहायता मिलने के बाद किसी परिवार से अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग छोड़ देने की अपेक्षा की जा सकती है?

गोदियाल ने आरोप लगाया कि दिलीप रावत के बयान से ऐसा संदेश जा रहा है, मानो अंकिता के माता-पिता को दी गई आर्थिक सहायता उनकी आवाज दबाने की कीमत हो। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता लगातार अपनी बेटी को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं और सरकार से सवाल पूछ रहे हैं। ऐसे में भाजपा नेताओं को उनके संघर्ष पर सवाल उठाने के बजाय प्रकरण से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अंकिता भंडारी का मामला केवल आर्थिक सहायता या मुआवजे तक सीमित नहीं है। यह एक बेटी की अस्मिता, सम्मान और न्याय से जुड़ा सवाल है। माता-पिता को अपनी बेटी के लिए न्याय मांगने का पूरा अधिकार है। आर्थिक सहायता इस अधिकार का विकल्प नहीं हो सकती।

दिलीप रावत के धारी देवी की कसम और चरित्र प्रमाण पत्र संबंधी बयान पर भी गोदियाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह न तो किसी को चरित्र प्रमाण पत्र देने के लिए अधिकृत हैं और न ही हरक सिंह रावत या दिलीप रावत को चरित्रवान घोषित करने की जिम्मेदारी उनकी है। किसी व्यक्ति के चरित्र का आकलन उसके बयानों, आचरण और सार्वजनिक जीवन की भूमिका से होता है, राजनीतिक मंचों पर ली गई कसमों से नहीं।

गोदियाल ने भाजपा नेताओं से धार्मिक आस्था और देवी-देवताओं के नाम पर राजनीति करने के बजाय अंकिता भंडारी प्रकरण में जवाबदेही तय करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिलता, इस मामले में सवाल उठते रहेंगे और प्रदेश की जनता इसे भूलेगी नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *