:- लालचंद शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार और व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में डिस्पेंसरी रोड पर जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता, भाजपा सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश
देहरादून। प्रदेश में बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शनिवार को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डिस्पेंसरी रोड पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर जवाब मांगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। महिलाओं के साथ दुष्कर्म, उत्पीड़न और अन्य आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे बहन-बेटियां स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के दावे खोखले साबित हो रहे हैं और गंभीर समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय सरकार केवल बयानबाजी कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार और महानगर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार के संयुक्त नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में नेताओं ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी और जनता की आवाज सड़क से सदन तक उठाती रहेगी।
पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने बेहतर शासन और सुरक्षा की उम्मीद के साथ भाजपा को सत्ता सौंपी थी, लेकिन आज महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। विशेष रूप से महिलाओं के खिलाफ बढ़ती आपराधिक घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। सरकार को अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, महानगर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार ने बढ़ती महंगाई और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने यूपीआई के माध्यम से 2,000 रुपये से अधिक के लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर शुल्क लगाए जाने के मुद्दे पर व्यापारियों की चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसी नीतियों से व्यापारियों और आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। व्यापार प्रभावित हो रहा है और आम आदमी के लिए परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल होता जा रहा है। सरकार को व्यापारियों और आम जनता की समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। जब तक प्रदेश की जनता को महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराधों से राहत नहीं मिलती, तब तक कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी।
प्रदर्शन में सुनील कुमार बांगा, प्रमोद, पार्षद वीरेंद्र बिष्ट, पार्षद अनिल कपूर, चमन लाल, रवि फुकेला, शिवा सोनकर, महेश राम कपूर, मुन्ना बाबू, केसर अली, पप्पू सिंह, सुमन पाल, शाहिद अहमद, राम कपूर, अजीत सिंह, रविंद्र दिवाकर, रवि सक्सेना, मुकेश गुप्ता, शंकर सोनकर, राम सिंह, जय सिंह, नौशाद अली, सचिन गोयल सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं व्यापारी मौजूद रहे।