माला पहनाने को लेकर हरदा और यशपाल आर्य के बीच नहीं था विवाद, यह आपसी सम्मान और स्नेह का प्रसंग था: हरीश रावत

:- भ्रामक वीडियो और खबरों पर पूर्व मुख्यमंत्री ने जताई नाराजगी, बोले– कांग्रेस में शिष्टाचार और वरिष्ठों के सम्मान की परंपरा, मीडिया के कुछ दोस्तों ने प्रसंग को झगड़े का रूप दिया

देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के साथ माला पहनाने को लेकर सामने आए घटनाक्रम को विवाद के रूप में प्रस्तुत किए जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके और यशपाल आर्य के बीच ऐसा कोई विवाद नहीं था, बल्कि यह आपसी स्नेह, आदर और शिष्टाचार से जुड़ा प्रसंग था। उन्होंने मीडिया के कुछ हिस्सों पर घटनाक्रम का भ्रामक वीडियो प्रसारित कर उसे झगड़े के रूप में पेश करने का आरोप लगाया।

हरीश रावत ने कहा कि उनका कर्मक्षेत्र पहले बागेश्वर रहा है और यशपाल आर्य वहां पहुंचे थे। कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष और सीएलपी नेता के पद की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में वह यशपाल आर्य को माला पहनाकर उनका और उनके पद का सम्मान करना चाहते थे। लेकिन यशपाल आर्य पहले भी कई बार उनसे कह चुके हैं कि दाज्यू, आपको माला पहनाना मेरा अधिकार है, क्योंकि आप उम्र में बड़े हैं।

उन्होंने कहा कि परिवार के बड़े सदस्य के नाते उनका भी यह कर्तव्य है कि पार्टी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे नेताओं का स्वागत करें और उनके प्रति सम्मान प्रकट करें। इसी भावना के चलते वह यशपाल आर्य को माला पहनाने की जिद कर रहे थे, जबकि यशपाल आर्य उन्हें माला पहनाने पर अड़े थे। अंततः यशपाल आर्य ने ही उन्हें माला पहनाई। यह उनकी विनम्रता और आपसी सम्मान का परिचायक है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम को समझे बिना भ्रामक वीडियो जारी करना और उसे सोशल मीडिया पर गॉसिप का हिस्सा बनाना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह ‘पहले आप, पहले आप’ वाली स्थिति थी। यशपाल आर्य उम्र में बड़े होने के नाते उनका आदर करना चाहते थे, जबकि वह पार्टी में महत्वपूर्ण पद और जिम्मेदारी निभा रहे यशपाल आर्य का सम्मान करना अपना कर्तव्य समझते हैं।

हरीश रावत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ऐसे मुद्दों की तलाश में रहती है और मीडिया के कुछ लोगों ने इस घटनाक्रम को उसके सामने परोसने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शिष्टाचार और आपसी सम्मान की परंपरा है, जबकि भाजपा में वरिष्ठता और सम्मान की परंपरा को लेकर अलग स्थिति देखने को मिलती है।

उन्होंने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा के साथ हुए एक अन्य प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि वह उनके प्रयासों पर मुस्कराते हुए उनके सिर पर हाथ रख रही थीं, लेकिन उसे भी गलत अर्थों में प्रस्तुत किया गया। हरीश रावत ने कहा कि इन घटनाओं को लेकर मीडिया के कुछ लोगों द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर उन्हें हंसी आती है।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे प्रकरण ने उन्हें सावधान जरूर कर दिया है। अब वह और उनके साथी एक-दूसरे के प्रति स्नेह और सम्मान प्रकट करते समय भी सतर्क रहेंगे, क्योंकि कुछ लोग हर घटनाक्रम में विवाद तलाशने की कोशिश करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *