वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार, धस्माना बोले- वैध वोट कटने नहीं देंगे

:- एसआईआर को लेकर कांग्रेस ने बनाई रणनीति, सूर्यकांत धस्माना ने कहा- वोट चोरी के खिलाफ हर जायज वोट की लड़ाई लड़ेगी पार्टी

देहरादून, 27 सितंबर। एक राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख समाचार पत्र की रिपोर्ट में सामने आए कथित वोट चोरी के घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर पलटवार किया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि रिपोर्ट के बाद देशभर में आई प्रतिक्रिया से भाजपा बौखलाई हुई है और अब राहुल गांधी व कांग्रेस को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में धस्माना ने यह प्रतिक्रिया मुख्यमंत्री की ओर से एसआईआर को लेकर दिए गए बयान के संदर्भ में दी। उन्होंने कहा कि शनिवार को चुनाव आयोग की बैठक में रितिका चोपड़ा की रिपोर्टिंग में सामने आए तथ्यों का कोई खंडन नहीं किया गया। उनके अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य दो चुनाव आयुक्तों की असहमति के बिंदुओं पर चुनाव आयोग की स्वीकारोक्ति सामने आई है।

धस्माना ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को भ्रम में बताने वाले भाजपा नेता स्वयं भ्रम में हैं। उन्होंने दावा किया कि वोट चोरी को लेकर राहुल गांधी की ओर से लगाए गए आरोप सही साबित हुए हैं। उन्होंने कोविड, नोटबंदी, जीएसटी और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस ने संकल्प लिया है कि पार्टी हर एक जायज वोट के लिए लड़ाई लड़ेगी और किसी भी वैध मतदाता का वोट कटने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस प्रदेश में विशेष रणनीति के तहत काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *