:- उत्तराखंड की लोक संस्कृति के रंगों से सजा आयोजन, वैभव वालिया ने माताओं-बहनों को किया सम्मानित
ओम प्रकाश जोशी, देहरादून। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित एक वेडिंग पॉइंट में कांग्रेस के युवा नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के राष्ट्रीय सचिव वैभव वालिया की ओर से ‘मातृशक्ति सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में माताएं और बहनें समारोह में पहुंचीं। इस दौरान वैभव वालिया ने मातृशक्ति को सम्मानित किया।
समारोह में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। जौनसार के पारंपरिक नाटी नृत्य, गढ़वाल के समूह नृत्य और कुमाऊंनी लोकगीत ‘कैले बाजे मुरली’ की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्तराखंडी रंग भर दिया। नंदा राजजात यात्रा का चित्रांकन भी प्रस्तुत किया गया। वहीं भारतीय सेना और मां भारती के रिश्ते को दर्शाती भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। विभिन्न सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर वैभव वालिया ने कहा कि मातृशक्ति केवल परिवार की धुरी नहीं, बल्कि समाज की पीढ़ियों का निर्माण करने और उन्हें दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि यह समारोह मातृशक्ति के त्याग, मेहनत, संघर्ष और स्वाभिमान को सम्मान देने का प्रयास है।
धर्मपुर विधायक पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान वैभव वालिया ने धर्मपुर के भाजपा विधायक पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि धर्मपुर की जनता ने जिस उम्मीद के साथ उन्हें लंबे समय तक अवसर दिया, उसके अनुरूप क्षेत्र में विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं।
वालिया ने कहा कि विधायक करीब एक दशक से क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उन्हें अब तक करीब 50 करोड़ रुपये की विधायक निधि मिल चुकी है, लेकिन उनके अनुसार विधानसभा क्षेत्र में करीब 10 करोड़ रुपये के कार्य भी दिखाई नहीं देते। उन्होंने कहा कि इससे पहले धर्मपुर के भाजपा विधायक करीब 10 वर्ष तक देहरादून के महापौर की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इतने लंबे राजनीतिक कार्यकाल के बावजूद यदि क्षेत्र की जनता मूलभूत सुविधाओं, सड़कों, जलभराव, नालियों और व्यवस्थित विकास को लेकर सवाल उठा रही है तो जनप्रतिनिधि को इन सवालों का जवाब देना चाहिए। वालिया ने कहा कि विधायक निधि और सरकारी संसाधनों के रूप में क्षेत्र को मिले बजट का प्रभाव यदि जनता के जीवन में दिखाई नहीं देता, तो जनता को हिसाब मांगने का अधिकार है।
उन्होंने कहा कि धर्मपुर की जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि काम का हिसाब चाहती है। वालिया ने कहा कि कांग्रेस धर्मपुर की जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि समारोह में माताओं और बहनों की बड़ी संख्या में मौजूदगी तथा उत्साह इस बात का संकेत है कि क्षेत्र की जनता अपने अधिकारों, सम्मान और बेहतर भविष्य को लेकर जागरूक है।
कार्यक्रम का उद्देश्य मातृशक्ति के योगदान को सम्मान देने के साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से आयोजन यादगार बन गया।
कार्यक्रम में मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय संयोजक नानक चंद, प्रदेश प्रवक्ता मंजू त्रिपाठी, रेहाना परवीन, ललित भद्री, जमाल अहमद, इंदु थापा, आयुष नेहरा, गौतम नौटियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।