:- फिट इंडिया अभियान को मिला सीमांत पर्यटन का साथ, सेना-आईटीबीपी के सहयोग से तीन दिवसीय आयोजन शुरू
चमोली। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर नीति घाटी में रविवार को ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य आगाज हुआ। पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 28 राज्यों से पहुंचे 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना और युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
काबीना मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रतियोगिता को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास और पर्यटन संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ अभियान को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और सीमांत गांवों को मजबूती मिलेगी।
जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि 31 मई से 2 जून तक चलने वाले इस आयोजन के पहले दिन रिमखिम-नीति-मलारी के बीच 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 117 प्रतिभागियों तथा मलारी-नीति-मलारी 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 प्रतिभागियों ने भाग लिया। आगामी दिनों में 5, 10 और 21 किलोमीटर की हॉफ मैराथन स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। समापन अवसर पर गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता भी होगी।
इससे पूर्व शनिवार रात मलारी गांव में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लोकगायक किशन महिपाल की प्रस्तुतियों ने प्रतिभागियों और स्थानीय लोगों को देर रात तक बांधे रखा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सेना एवं आईटीबीपी के अधिकारियों-जवानों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।