स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, महिला क्रिकेट में बनाया रिकॉर्ड्स का ‘चौका’

:- हांगकांग के खिलाफ 64 गेंदों में 124 रन की तूफानी पारी; अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन और शतक का विश्व रिकॉर्ड किया अपने नाम

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, स्पोर्ट्स डेस्क (3 सितंबर)। भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। महिला एशिया कप 2026 में हांगकांग के खिलाफ खेली गई मुकाबले में मंधाना ने महज 64 गेंदों में 124 रन की विस्फोटक पारी खेलकर कई बड़े विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

मंधाना की इस पारी के साथ ही वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों को मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज के 10,868 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए कुल 10,880 रन अपने नाम कर लिए हैं। इस सूची में न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स 10,740 और इंग्लैंड की शार्लेट एडवर्ड्स 10,273 रन के साथ क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।

18वां अंतरराष्ट्रीय शतक, लैनिंग का रिकॉर्ड पीछे

हांगकांग के खिलाफ शतक लगाते ही मंधाना के अंतरराष्ट्रीय शतकों की संख्या 18 हो गई। इसके साथ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग के 17 अंतरराष्ट्रीय शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

एशिया कप में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर

मंधाना की 124 रन की पारी महिला टी20 एशिया कप के इतिहास में किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी बन गई है। उन्होंने श्रीलंका की चमारी अटापट्टू के 2024 में बनाए गए 119 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। साथ ही यह किसी भारतीय महिला बल्लेबाज का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर भी बताया गया है।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में दो शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला

मंधाना ने इस पारी के साथ महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दो शतक लगाने वाली पहली भारतीय बल्लेबाज बनने की उपलब्धि भी हासिल की। उनका पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ आया था।

इसके अलावा मंधाना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 93 पचास-प्लस स्कोर पूरे कर मिताली राज के रिकॉर्ड की बराबरी की। वहीं, महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए सर्वाधिक 95 छक्के लगाने वाली खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हो गया।

स्मृति मंधाना की यह पारी न केवल भारतीय महिला क्रिकेट के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में उनके बढ़ते दबदबे का भी प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *