:- रायपुर में 72 वर्षीय महिला की हत्या का 12 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार — लूटे गए सोने के कड़े समेत वारदात में प्रयुक्त कड़ा और मोबाइल बरामद
देहरादून। रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि परिवार के परिचित और घर पर काम कर चुके एक व्यक्ति ने की थी। आरोपी ने बकाया मजदूरी के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद वृद्धा के चेहरे पर कड़े से वार किया और उनके चिल्लाने पर पकड़े जाने के डर से मुंह दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी मृतका के हाथ से सोने का कड़ा निकालकर फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए उसने अपने कपड़े भी बदल लिए थे। पुलिस ने आरोपी को त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मृतका से लूटा गया कड़ा, वारदात में प्रयुक्त कड़ा और मोबाइल फोन बरामद किया है।
घर के पीछे का दरवाजा खुला होने की थी जानकारी
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची। 108 सेवा की टीम ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून तत्काल मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए तथा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। मृतका के पति की तहरीर पर थाना रायपुर में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और सर्विलांस से खुला हत्या का राज
मामले के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद ली। जांच के दौरान विनीत कुमार की भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया।
15 साल से जानता था परिवार, दो साल से कर रहा था सुरक्षा गार्ड की नौकरी
पूछताछ में आरोपी विनीत कुमार ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और पिछले करीब 10 वर्षों से देहरादून में परिवार के साथ रह रहा है। वह करीब दो वर्षों से रिंग रोड स्थित त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्य कर रहा था। इसके साथ ही वह डिस्पेंसरी रोड स्थित दिनेश बंसल की ‘अनुज प्रकाशन’ नामक बुक शॉप में हेल्पर का काम भी करता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिनेश बंसल के परिवार को करीब 15 वर्षों से जानता था और अपनी बकाया मजदूरी को लेकर वह कई बार पैसे मांग चुका था। घटना के दिन वह बुक शॉप से दिनेश बंसल की स्कूटी लेकर उनके घर पहुंचा। उसे जानकारी थी कि घर के पीछे का दरवाजा अक्सर खुला रहता है।
घर पहुंचने पर रेखा बंसल अकेली थीं। बकाया मजदूरी के पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से रेखा बंसल के चेहरे पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद वह बिस्तर पर गिर गईं और चिल्लाने लगीं। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया। कुछ देर बाद जब उसे लगा कि महिला की मौत हो चुकी है तो वह उनके हाथ से सोने का कड़ा निकालकर मौके से फरार हो गया।
कपड़े बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश
वारदात के बाद आरोपी वापस गेस्ट हाउस पहुंचा और पुलिस से बचने के लिए अपने कपड़े बदल लिए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में लूटा गया पीली धातु का कड़ा, वारदात में प्रयुक्त कड़ा और मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम को नकद पुरस्कार
घटना का शीघ्र खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र की ओर से 5,000 रुपये तथा एसएसपी देहरादून की ओर से 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया गया।
गिरफ्तार आरोपी: विनीत कुमार पुत्र घपल्या लाल, उम्र 33 वर्ष, मूल निवासी ग्राम मंजयाली, नौगांव, तहसील बड़कोट, थाना पुरोला, उत्तरकाशी। वर्तमान में अजबपुर कलां, देहरादून में निवासरत।
बरामदगी: मृतका से लूटा गया कड़ा, घटना में प्रयुक्त कड़ा और एक मोबाइल फोन।