यूजेवीएनएल ने रचा इतिहास, ₹1,834 करोड़ का रिकॉर्ड राजस्व और ₹705 करोड़ का लाभ

:- स्थापना के बाद अब तक का सर्वश्रेष्ठ वित्तीय प्रदर्शन, बिजली उत्पादन क्षमता बढ़कर 1,485.46 मेगावाट हुई

देहरादून। उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक का सबसे शानदार वित्तीय प्रदर्शन दर्ज करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। निगम ने इस वित्तीय वर्ष में ₹1,834.27 करोड़ का सर्वाधिक राजस्व और ₹704.84 करोड़ का रिकॉर्ड लाभ अर्जित किया है। निगम की स्थापना के बाद यह अब तक का सबसे बेहतर वित्तीय प्रदर्शन है।

यूजेवीएनएल के निदेशक मंडल की 135वीं बैठक गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव एवं यूजेवीएनएल के अध्यक्ष आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वित्त एवं लेखा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक लेखों को निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की।

11 मेगावाट बढ़ी स्थापित क्षमता

यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष के दौरान निगम की स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता में 11 मेगावाट की वृद्धि हुई है। इसके साथ निगम की कुल स्थापित क्षमता बढ़कर 1,485.46 मेगावाट हो गई है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में निगम की विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं से कुल 5,238.73 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया। बढ़ी हुई उत्पादन क्षमता, बेहतर विद्युत उत्पादन और मजबूत वित्तीय प्रदर्शन निगम की कार्यकुशलता एवं सुदृढ़ कार्यसंस्कृति को दर्शाता है।

कार्मिकों की मेहनत का परिणाम

निगम के बेहतर प्रदर्शन पर निदेशक मंडल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, मेहनत, टीम भावना और समर्पित कार्यशैली का परिणाम है। मुख्यमंत्री के निर्देशों तथा मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव ऊर्जा के मार्गदर्शन में निगम लगातार परिणामोन्मुखी कार्य कर रहा है।

नई परियोजनाओं पर रहेगा जोर

यूजेवीएनएल का आगामी फोकस विद्युत उत्पादन बढ़ाने, उपलब्ध क्षमता का बेहतर उपयोग करने, परिचालन दक्षता में सुधार, लागत नियंत्रण और राजस्व बढ़ाने के साथ नई एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने पर रहेगा। प्रबंध निदेशक ने विश्वास जताया कि निगम के अधिकारी और कर्मचारी इसी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ते हुए उत्तराखंड के ऊर्जा क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने यूजेवीएनएल की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि निगम राज्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ उत्तराखंड को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

बैठक में सचिव वित्त दिलीप जावलकर, स्वतंत्र निदेशक इंदू कुमार पांडे, बी.पी. पांडे और पराग गुप्ता, निदेशक परिचालन जी.एस. बुदियाल, अधिशासी निदेशक सुधाकर बडोनी, आशिष कुमार जैन सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *