:- रफायल होम में आयोजित शिविर में 26 एक्स-रे, मानसिक स्वास्थ्य समेत विभिन्न जांच; 4 राशन कार्ड और 20 दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाए गए
देहरादून, 24 सितंबर। रफायल होम, भगत सिंह कॉलोनी में गुरुवार को कुष्ठ उपचारित रोगियों के लिए बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने किया। शिविर में रफाएल संस्था, राम मंदिर, रोटरी, शांति संस्था, नवजीवन एवं इन्द्रेश से आए उपचारित कुष्ठ रोगियों की स्वास्थ्य जांच की गई।
शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। मौके पर दिव्यांग प्रमाणपत्र, राशन कार्ड और पेंशन से जुड़े प्रकरणों का समाधान किया गया। कुल 26 एक्स-रे किए गए, जिनमें 4 टीबी संदिग्ध मरीज मिले। इसके अलावा 2 उच्च रक्तचाप, 2 मधुमेह, 14 मानसिक स्वास्थ्य और 2 ईएनटी संबंधी जांच की गईं।
शिविर के दौरान 4 राशन कार्ड और 20 दिव्यांग प्रमाणपत्र भी बनाए गए। आयोजन में समाज कल्याण विभाग, पूर्ति विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, मानसिक स्वास्थ्य तथा यूडीआईडी विभाग ने सक्रिय रूप से भागीदारी की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. नेगी, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनूप डिमरी, बी.आर. तोमर, सूरज सिंह खामपा, आनंद सिंह नेगी और बी.पी. गौड़ उपस्थित रहे।