:- क्लेमेंटाउन हत्याकांड का दून पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी पति गिरफ्तार; तमंचा, कारतूस और खून लगी शर्ट बरामद
देहरादून, 24 सितंबर 2026। क्लेमेंटाउन क्षेत्र में 21 सितंबर को हुई काजल पंवार की गोली मारकर हत्या का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के पति धीरज पंवार उर्फ लल्लू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद और पत्नी द्वारा तलाक लेने की तैयारी की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने उसकी हत्या की योजना बनाई थी।
112 कंट्रोल रूम के माध्यम से 21 सितंबर की सुबह थाना क्लेमेंटाउन पुलिस को सूचना मिली थी कि धीरज की अपनी पत्नी काजल से हाथापाई हुई और गोली लगने से उसकी मृत्यु हो गई है। वह उसे दून अस्पताल ले जा रहा है। सूचना पर थाना क्लेमेंटाउन पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक महिला बिस्तर पर मृत पड़ी मिली, जिसके सिर और पेट पर गोली के निशान थे। मृतका की पहचान काजल पत्नी धीरज पवार, निवासी ईदगाह के सामने, सुभाष नगर, राणा मार्ग, देहरादून, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद मृतका का पति अपना मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया था। मृतका के भाई की तहरीर पर थाना क्लेमेंटाउन में मु0अ0सं0-91/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत धीरज पवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मोबाइल बंद कर हुआ था फरार
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना क्लेमेंटाउन और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घटना के बाद मोबाइल बंद कर दिया था। शादी के बाद से वह पत्नी और बच्चों के साथ सुभाषनगर स्थित पत्नी के मायके में रह रहा था और उसका कोई स्थायी ठिकाना नहीं था। ऐसे में उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण थी।
गठित टीम ने पतारसी-सुरागरसी करते हुए आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके बाद 23 सितंबर 2026 को धीरज पंवार उर्फ लल्लू पुत्र सुशील कुमार, निवासी मेघा शर्करपुर, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 30 वर्ष को क्लेमेंटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना के समय पहनी गई खून लगी शर्ट बरामद की है।
एक माह पहले मिली थी तलाक की तैयारी की जानकारी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका विवाह करीब 12 वर्ष पूर्व काजल से हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। शादी के बाद से वह पत्नी और बच्चों के साथ सुभाषनगर स्थित पत्नी के मायके में रह रहा था। पिछले एक वर्ष से दोनों के बीच विभिन्न कारणों को लेकर मतभेद चल रहे थे। आरोपी के अनुसार, पिछले तीन माह से उसकी पत्नी उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रही थी और बच्चों से भी मिलने नहीं दे रही थी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि करीब एक माह पहले उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी उसे तलाक देने की तैयारी कर रही है। इसके बाद उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई।
सहारनपुर से खरीदा तमंचा, रात में पहुंचा देहरादून
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदा। घटना से पहले रात में वह सहारनपुर से देहरादून पहुंचा और घटनास्थल के पास एक निर्माणाधीन भवन में छिपकर रैकी करता रहा। सुबह मौका देखकर उसने घर में लगे टीन के दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बिस्तर पर सो रही पत्नी पर दो फायर किए और मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी: धीरज पंवार उर्फ लल्लू, पुत्र सुशील कुमार, निवासी मेघा शर्करपुर, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 30 वर्ष।