नौकरानी को इंस्टाग्राम पर चोरी किए हीरे के हार के साथ रील बनानी पड़ी भारी, मालकिन ने देखा तो पहुंच गई जेल

:- देहरादून के राजपुर रोड क्षेत्र में एक साल पुरानी 10 लाख की चोरी का राज खुला
:- ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत राजपुर थाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता, नौकरानी निकली करोड़ों के भरोसे की चोर

देहरादून। दून पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की रणनीति और “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत एक वर्ष पूर्व हुई करीब 10 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषणों की चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब आरोपी महिला ने चोरी किए गए हीरे के हार के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा कर दी।

भरोसे का फायदा उठाकर उड़ाए लाखों के गहने

पुलिस के अनुसार, पीड़िता नितिशा वत्स ने 1 जुलाई 2026 को थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि लगभग एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के कीमती आभूषण गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा था कि शायद उन्होंने गहने कहीं रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दे दिए होंगे, इसलिए चोरी की आशंका नहीं हुई।

कुछ दिन पहले एक परिचित ने उन्हें सोशल मीडिया पर एक महिला की तस्वीर दिखाई, जिसमें वह हीरे का वही हार पहने दिखाई दे रही थी जो उनके घर से गायब हुआ था। तस्वीर उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला की थी, जिसके बाद पीड़िता ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया।

इंस्टाग्राम की तस्वीर बनी गिरफ्तारी की वजह

शिकायत मिलते ही थाना राजपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार निगरानी के बाद 3 जुलाई को आरोपी विमला को जोहड़ी रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए हीरे और सोने के आभूषण बरामद कर लिए गए।

लॉकर में रखे गहनों पर थी नजर

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पीड़िता के घर पर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी और घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषणों को अक्सर देखती थी। इसी दौरान उसके मन में गहनों को चोरी करने का लालच आया और उसने मौका देखकर लॉकर से हीरे और सोने के आभूषण चुरा लिए।

आरोपी ने बताया कि घर की मालकिन का उस पर पूरा भरोसा था, इसलिए उसने उन्हें यह विश्वास दिलाया कि संभवतः गहने कहीं और रख दिए गए होंगे। चोरी के बाद उसने गहनों को बेचने की कई कोशिशें कीं, लेकिन महंगे हीरे और सोने के आभूषण होने के कारण उन्हें बेच नहीं सकी।

10 लाख रुपये के आभूषण बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया है—

एक हीरे का हार
एक सोने का लॉकेट
दो सोने की अंगूठियां
एक सोने का पेंडल
एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन

बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा 2500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *