देहरादून, 03 जुलाई। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी देहरादून ओमप्रकाश फरस्वाण ने अवगत कराया है कि जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, देहरादून ने जनपद के समस्त पूर्व सैनिकों एवं सैनिक विधवाओं को सूचित किया है कि नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में अपने स्वयं के मकान में निवास करने वाले पात्र पूर्व सैनिकों एवं सैनिक विधवाओं के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के गृहकर (हाउस टैक्स) में छूट हेतु आवेदन पत्रों का वितरण 15 जुलाई 2026 से प्रारम्भ किया जाएगा।
इच्छुक पात्र लाभार्थी कार्यालय से निःशुल्क आवेदन पत्र प्राप्त कर निर्धारित प्रारूप में भरकर जमा कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 मार्च 2027 निर्धारित की गई है। इसके उपरांत प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन अथवा अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
आवेदन पत्र प्राप्त करने एवं जमा करने के लिए आवेदकों को किसी भी कार्यदिवस में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, देहरादून में उपस्थित होकर मूल डिस्चार्ज बुक, मूल पहचान पत्र, पिछले वर्ष के गृहकर छूट आवेदन पत्र तथा बिल की प्रति प्रस्तुत करनी होगी।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल ओम प्रकाश फरस्वाण (सेवानिवृत्त) ने सभी पात्र पूर्व सैनिकों एवं सैनिक विधवाओं से निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है, ताकि उन्हें गृहकर छूट का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।