:- हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट पर उमड़ा जनसैलाब, सेना और पुलिस ने दी अंतिम सलामी
देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को मंगलवार को हरिद्वार स्थित खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। सेना और पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र मनीष खंडूड़ी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।
इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खंडूड़ी जी का निधन राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में पारदर्शिता, अनुशासन और सुशासन की मिसाल कायम की। धामी ने कहा कि खंडूड़ी जी सदैव प्रेरणा स्रोत रहेंगे और उनकी कमी एक अभिभावक के रूप में हमेशा महसूस होगी।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि खंडूड़ी जी का जीवन सादगी, ईमानदारी और अनुशासन का प्रतीक था। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाया। उन्होंने कहा कि सुशासन और लोकपाल जैसे महत्वपूर्ण विषयों को आगे बढ़ाने में खंडूड़ी जी का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
अंतिम संस्कार में पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, रमेश पोखरियाल निशंक और तीरथ सिंह रावत सहित कई मंत्री, विधायक, संतगण और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।