पशुलोक बैराज टेंडर में रिश्वतखोरी का खेल उजागर, JE फैसल खान 50 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

:- सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने ऋषिकेश में की कार्रवाई

:- टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

:- पेमेंट जारी करने के बदले मांगी जा रही थी रिश्वत

:- निदेशक सतर्कता ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की

देहरादून। सरकारी विभागों में टेंडर कार्यों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में पशुलोक बैराज, ऋषिकेश से जुड़े एक मामले में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जूनियर इंजीनियर (JE) फैसल खान को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह सरकारी विभाग में टेंडर का कार्य करते हैं और उन्होंने पशुलोक बैराज ऋषिकेश में एक टेंडर डाला था। आरोप था कि उक्त कार्य के भुगतान के बदले JE फैसल खान द्वारा अवैध रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान द्वारा ट्रैप टीम का गठन किया गया।

ट्रैप टीम ने बुधवार 21 मई 2026 को योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोराताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर शिकायत दर्ज कर भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में सहयोग कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *