:- दोपहर 11 से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें, पानी और तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाएं
देहरादून, 21 मई। उत्तराखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। इसके बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं। आम जनता, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और उत्तरकाशी के कुछ हिस्सों में तापमान और बढ़ सकता है। मैदानी क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है, जबकि पहाड़ी इलाकों में भी तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।
राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। जिला प्रशासन ने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. झा ने लोगों से दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को कपड़े या छाते से ढकें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें।
चिकित्सकों ने गर्मी के दौरान अधिक से अधिक पानी, नींबू पानी, नारियल पानी, छाछ, जलजीरा और मौसमी फलों के सेवन की सलाह दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि हीट वेव के दौरान चक्कर आना, सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी, कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सक्रिय कर दिया गया है। हीट वेव से संबंधित सहायता और शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 2726066, 2626066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 जारी किए गए हैं।