:- कनलगाँव में उपज क्षमता का किया आकलन, महिला किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र और उन्नत मडुवा बीज वितरित
चम्पावत, 21 मई।
चंपावत जनपद में कृषि उत्पादन के सटीक आंकलन और किसानों को योजनाओं का बेहतर लाभ दिलाने की दिशा मेंखेत में उतरे डीएम मनीष कुमार, महिला कृषकों संग की गेहूं की क्रॉप कटिंग जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को स्वयं खेत में उतरकर गेहूं की फसल की क्रॉप कटिंग की। तहसील चम्पावत के ग्राम कनलगाँव में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने महिला कृषकों के साथ खेत में गेहूं की फसल काटी और उनकी समस्याओं एवं जरूरतों को भी गंभीरता से सुना।
जिलाधिकारी ने महिला कृषकों से संवाद करते हुए कृषि कार्यों को सरल और अधिक उत्पादक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि महिला किसानों को पावर टीलर सहित आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएं ताकि खेती को तकनीक आधारित और सुविधाजनक बनाया जा सके।
कृषि एवं सांख्यिकी विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत कृषक सुभाष ताडागी के खेत में 30 वर्ग मीटर के दो प्लॉट चयनित कर क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। पहले प्लॉट से 13 किलो 900 ग्राम और दूसरे प्लॉट से 12 किलो 400 ग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई। वैज्ञानिक प्रक्रिया के अनुसार पहले प्लॉट से पांच किलो बालियों के नमूने सुरक्षित रखे गए हैं, जिन्हें 15 दिन सुखाने के बाद पुनः तौला जाएगा, जिससे वास्तविक उत्पादन का सटीक आंकलन किया जा सके।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोग जनपद में विभिन्न फसलों की औसत उपज, उत्पादन और उत्पादकता निर्धारित करने का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना समेत कई कृषि योजनाओं के लिए विश्वसनीय डाटा तैयार करने में यह प्रक्रिया अहम भूमिका निभाती है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाता है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खेत में उपयोग किए गए बीज, उर्वरक, सिंचाई व्यवस्था और कीटनाशकों की जानकारी भी ली। इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अपर सांख्यिकी अधिकारी जुगल किशोर पांडे सहित कृषि, राजस्व और सांख्यिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा ग्रामीण मौजूद रहे।
……………………………………………….
“कृषि को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाना प्रशासन की प्राथमिकता है।”
— मनीष कुमार, जिलाधिकारी चम्पावत