:- नेहरू कॉलोनी स्थित निजी अस्पताल में एसी ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी, धुएं और गैस के बीच पुलिस ने बचाईं कई जिंदगियां
देहरादून। देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र स्थित पेनिसिया अस्पताल में बुधवार को आईसीयू में एसी ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई। हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन मौके पर पहुंची दून पुलिस ने जान जोखिम में डालते हुए मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर बड़ा हादसा टाल दिया।
सूचना मिलते ही थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। उस समय आईसीयू धुएं और गैस से भर चुका था। बावजूद इसके पुलिसकर्मियों ने बिना अपनी जान की परवाह किए अंदर फंसे मरीजों का रेस्क्यू शुरू किया और कई मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू अभियान के दौरान गैस और धुएं के कारण कुछ मरीजों तथा पुलिसकर्मियों को ऑक्सीजन की कमी होने लगी, जिन्हें तुरंत कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान आईसीयू में पहले से वेंटिलेटर पर भर्ती 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला वीरवती निवासी कांवली, बल्लीवाला की मौत हो गई।
घटना में कुल 10 लोग घायल हुए हैं, जबकि राहत एवं बचाव कार्य में जुटे तीन पुलिसकर्मी भी प्रभावित हुए। एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों व मरीजों का हालचाल जाना।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आग आईसीयू में लगे एसी में ब्लास्ट होने के कारण लगी। समय रहते पुलिस और राहत टीम की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
रेस्क्यू में घायल पुलिसकर्मी
उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार (ट्रैफिक)
कांस्टेबल बृजमोहन रावत
कांस्टेबल बृजमोहन कनवासी
रेस्क्यू टीम में शामिल पुलिसकर्मी
थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल के नेतृत्व में एसआई धनीराम पुरोहित, एसआई गिरीश बडोनी, एसआई अमित रॉड, एएसआई अंशुल बर्थवाल समेत पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया।