उत्तराखंड में पेट्रोल-डीजल और गैस की आपूर्ति सामान्य, पैनिक बाइंग से बचने की अपील

:- आईओसीएल बोला— प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, सभी पेट्रोल पंप और एलपीजी वितरण व्यवस्था सुचारू

:- प्रदेशभर में पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर सप्लाई सामान्य, उपभोक्ताओं से अफवाहों से दूर रहने की अपील

देहरादून। वैश्विक स्तर पर तेल एवं गैस क्षेत्र को प्रभावित कर रही अनिश्चितताओं के बीच उत्तराखंड में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां इंडियनऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल राज्यभर में निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं।

आईओसीएल उत्तराखंड के राज्य स्तरीय समन्वयक कृष्ण कुमार गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं की मांग को पूरा करने के लिए लगातार पुनःपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि टर्मिनल, डिपो, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और रिटेल आउटलेट सहित पूरी आपूर्ति श्रृंखला सक्रिय और सुचारू रूप से कार्य कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन वितरण सामान्य रूप से जारी है तथा किसी प्रकार की कोई बाधा या प्रतिबंध नहीं है। घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति भी नियमित रूप से की जा रही है।

आईओसीएल ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक ईंधन खरीद या संग्रहण यानी पैनिक बाइंग से बचें। साथ ही ईंधन उपलब्धता से जुड़ी सही और प्रमाणित जानकारी के लिए केवल तेल विपणन कंपनियों के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *