उफ्फ ये गर्मी : देहरादून में हीट वेव अलर्ट, प्रशासन हाई अलर्ट पर

: डीएम सविन बंसल के निर्देश पर DEOC 24×7 सक्रिय, अस्पतालों से लेकर स्कूलों और नगर निकायों तक सभी विभागों को जारी हुए सख्त निर्देश

देहरादून, 20 मई। जनपद में लगातार बढ़ रही गर्मी और संभावित लू को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बाद जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी विभागों को समन्वय के साथ राहत एवं बचाव व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी में ORS, IV Fluids, आवश्यक दवाइयों और हीट स्ट्रोक उपचार की विशेष व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है।

नगर निकायों को बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल, वाटर टैंकर, अस्थायी शेड और छायादार विश्राम स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और जल संस्थान को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश जारी हुए हैं।

बाहरी कार्यस्थलों और निर्माण स्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों को राहत देने के लिए कार्य अवधि सुबह और शाम तक सीमित रखने को कहा गया है। साथ ही श्रमिकों के लिए पेयजल, छाया और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।

शिक्षा विभाग को मौसम के अनुसार विद्यालयों के समय में बदलाव अथवा अवकाश पर निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में बच्चों के लिए पर्याप्त पेयजल और प्राथमिक उपचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और गंभीर बीमार लोगों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं। वहीं सोशल मीडिया, एफएम रेडियो, समाचार पत्रों और मोबाइल संदेशों के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक किया जाएगा।

डीएम सविन बंसल ने आमजन से अपील की है कि दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और लू से बचाव संबंधी सावधानियों का पालन करें। उन्होंने सभी विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण सतर्कता और समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *