₹55 लाख की साइबर ठगी में अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य अमृतसर से गिरफ्तार

:- IIFL Wealth Management का नाम लेकर शेयर-IPO में निवेश का झांसा देकर ठगी, आरोपी के खाते में पहुंची थी ₹8.94 लाख की रकम

देहरादून। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून ने ₹55.48 लाख की साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के एक सदस्य को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रभजीत सिंह (20) निवासी छेहरटा, अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से ₹8.94 लाख आरोपी के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे।

साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान बैंकिंग और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच में पता चला कि आरोपियों ने स्वयं को IIFL Wealth Management से जुड़ा बताकर शिकायतकर्ता को शेयर और IPO में निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का झांसा दिया। इसके बाद 16 दिसंबर 2025 से 28 जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में RTGS के माध्यम से कुल ₹55,48,412 जमा कराए गए।

जांच के दौरान PNB के एक खाते के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई, जो प्रभजीत सिंह के नाम पर पाया गया। ठगी की रकम में से ₹3,18,000 और ₹5,76,300, यानी कुल ₹8,94,300, आरोपी के खाते में ट्रांसफर किए गए थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने इस रकम को ATM और चेक के माध्यम से निकाल लिया था। बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर ठगी में उसकी सक्रिय भूमिका सामने आने के बाद पुलिस टीम ने अमृतसर में दबिश दी। 11 अगस्त 2026 को तारा वाला पुल, जालंधर रोड, अमृतसर से प्रभजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अन्य बैंक खातों से भी साइबर ठगी की रकम निकालने की जानकारी दी है। साथ ही उसने गिरोह में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को दी है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और ठगी की रकम की बरामदगी के लिए पुलिस की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और एक SMS अलर्ट नंबर बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी

प्रभजीत सिंह पुत्र स्व. जोगेन्द्र सिंह, निवासी गली नंबर 07, भल्ला कॉलोनी, छेहरटा, अमृतसर, पंजाब, उम्र 20 वर्ष।

पुलिस टीम

निरीक्षक विजय भारती (विवेचक), उपनिरीक्षक रमन बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक पवन कुमार यादव और कांस्टेबल सोहन बडोनी ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *