सऊदी अरब में फंसे इंद्रमणि की वतन वापसी के लिए सीएम धामी की पहल

:- विदेश मंत्री जयशंकर को पत्र लिखकर तत्काल मानवीय हस्तक्षेप का किया अनुरोध, न्यायिक व आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग

देहरादून। सऊदी अरब में कथित तौर पर बंधक जैसी स्थिति में रह रहे उत्तरकाशी निवासी इंद्रमणि नौटियाल की सकुशल स्वदेश वापसी के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहल की है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर भारत सरकार के स्तर से मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है।

मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्री से श्री नौटियाल को आवश्यक न्यायिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, उन्हें बंधक जैसी स्थिति से मुक्त कराने और सकुशल भारत वापस लाने के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी हस्तक्षेप का आग्रह किया है।

वर्ष 2018 में रोजगार के लिए गए थे सऊदी अरब

इंद्रमणि नौटियाल, पुत्र देवी राम नौटियाल, वर्ष 2018 में रोजगार के लिए सऊदी अरब गए थे। वहां वे रियाद स्थित पिकक रोड्स एंड कॉन्ट्रेक्टिंग कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे। इसी दौरान वर्ष 2018 में एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई थी।

प्रकरण में सऊदी अरब की न्यायिक प्रक्रिया के तहत इंद्रमणि नौटियाल को एक वर्ष के कारावास तथा ट्रक के बीमा एवं पंजीकरण संबंधी कमी के चलते कंपनी मालिक पर 9 लाख सऊदी रियाल का जुर्माना लगाए जाने का निर्णय हुआ था। भारतीय मुद्रा में इस जुर्माने की अनुमानित राशि करीब 2.29 करोड़ रुपये बताई गई है।

जुर्माना जमा न होने से कथित तौर पर बनाया जा रहा दबाव

परिवार के अनुसार, घटना के कई वर्ष बीत जाने के बावजूद कंपनी मालिक द्वारा जुर्माने की राशि का भुगतान नहीं किया गया है। आरोप है कि इंद्रमणि नौटियाल को कथित रूप से बंधक जैसी स्थिति में रखकर जुर्माने की राशि अदा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

इंद्रमणि की पत्नी और पुत्री ने उनकी स्वदेश वापसी के लिए अपने स्तर से विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए, लेकिन अपेक्षित सहायता नहीं मिल सकी। लंबे समय से विदेश में फंसे होने के कारण परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है।

सीएम ने विदेश मंत्रालय से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की

मुख्यमंत्री धामी ने विदेश मंत्री को भेजे पत्र में पूरे प्रकरण का संदर्भ देते हुए इंद्रमणि नौटियाल को कथित बंधक अवस्था से मुक्त कराने, उन्हें आवश्यक न्यायिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उनकी सकुशल स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित करने का अनुरोध किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश में कठिन परिस्थितियों में फंसे किसी भी उत्तराखंडी नागरिक की सहायता के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इस मामले में प्रभावी हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई है, ताकि इंद्रमणि नौटियाल को राहत मिल सके और उनका परिवार अपने प्रियजन की सकुशल वापसी की उम्मीद पूरी कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *