दो साल से गोकशी के मामले में था वांछित, पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान प्रेमनगर पुलिस की देर रात संदिग्ध बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सहारनपुर का 26 वर्षीय गैंगस्टर रईस घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 12-13 अगस्त की देर रात प्रेमनगर पुलिस दरू चौक के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोरखपुर चौक की ओर से बिना नंबर की काले रंग की बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। दोनों बाइक सवार पुलिस को चकमा देकर चाय बागान की ओर भाग निकले। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और आसपास के थानों को भी सूचना दी।
पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर बदमाश बाइक छोड़कर चाय बागान की ओर भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें रईस के दोनों पैरों में गोली लगी। उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गोकशी की तैयारी में आया था देहरादून
घायल बदमाश की पहचान रईस पुत्र नसीम, निवासी खाताखेड़ी, थाना मंडी, जिला सहारनपुर और हाल निवासी छुटमलपुर, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक रईस पिछले करीब दो वर्षों से प्रेमनगर क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना में वांछित चल रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी नवाब के साथ दोबारा टी-स्टेट और आसपास के इलाकों में घूमने वाले आवारा गोवंश की रेकी कर गोकशी की घटना को अंजाम देने के इरादे से देहरादून आया था।
पुलिस से बचने के लिए बाइक की नंबर प्लेट भी हटा दी गई थी।
तमंचा और गोकशी के औजार बरामद
पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक से एक चापड़, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और नायलॉन की रस्सी बरामद की गई है।
पुलिस पर जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं फरार आरोपी नवाब की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार घायल रईस सहारनपुर का गैंगस्टर है और उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड में गोकशी, पशु संरक्षण अधिनियम, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। प्रेमनगर में वर्ष 2024 में दर्ज गोकशी के मामले में उसके चार साथी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं।
पुलिस टीम
मुठभेड़ में कोतवाली प्रेमनगर प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक जैनेंद्र राणा, कांस्टेबल रवि शंकर, पंकज कुमार और श्रीकांत मलिक शामिल रहे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।