नैनबाग महाविद्यालय में पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

:- पोस्टर-मॉडल प्रदर्शनी के साथ छात्रों को दिया गया जिम्मेदारी निभाने का संदेश

देहरादून/नैनबाग, 22 अप्रैल 2026। राजकीय महाविद्यालय नैनबाग के भूगोल विभाग द्वारा पृथ्वी दिवस (Earth Day) के अवसर पर बुधवार को एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. ब्रीश कुमार ने कहा कि पृथ्वी दिवस प्रतिवर्ष 22 अप्रैल को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ग्लोबल वार्मिंग, ओजोन परत का क्षरण, जैव विविधता में कमी और प्राकृतिक संसाधनों का अति-दोहन जैसी समस्याएं गंभीर रूप ले चुकी हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे एक पेड़ लगाएं और उसकी देखभाल करें, जल व बिजली की बचत करें तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करें। छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़े बदलाव संभव हैं।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रो. डॉ. मुकेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पृथ्वी दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि यह हमें अपनी धरती के प्रति कर्तव्यों का बोध कराता है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी ही हमारा एकमात्र घर है और इसके संरक्षण के बिना भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता। वनों की कटाई, प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याओं से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा पोस्टर एवं मॉडल प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. परमानंद चौहान, डॉ. दुर्गेश कुमारी, डॉ. दिनेश चंद्र, डॉ. मधु बाला जुवांठा, श्री राजमोहन सिंह रावत सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *