केदारनाथ धाम के कपाट खुले, गूंजा “हर हर महादेव”; तुंगनाथ मंदिर के द्वार भी श्रद्धालुओं के लिए खुले

:- मंत्रोच्चार, सेना बैंड और जयघोष के बीच विधि-विधान से कपाट उद्घाटन, सीएम धामी रहे मौजूद

रुद्रप्रयाग, 22 अप्रैल। ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार प्रातः 8 बजे पूरे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर “हर हर महादेव” के जयघोष, वैदिक मंत्रोच्चार और सेना की सिख रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों से भक्तिमय हो उठा।

इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम में मौजूद रहे और उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। कपाट खुलने के साथ ही देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने बाबा केदार के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

रुद्रप्रयाग जिले में मंदाकिनी नदी के तट पर स्थित श्री केदारनाथ धाम द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख स्थान रखता है, जहां भगवान शिव के पृष्ठ भाग के दर्शन होते हैं। इसे एकादश ज्योतिर्लिंग के रूप में भी विशेष मान्यता प्राप्त है।

इधर, पंचकेदारों में तृतीय केदार माने जाने वाले श्री तुंगनाथ मंदिर के कपाट भी आज श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इससे पूरे गढ़वाल क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल और अधिक प्रबल हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *