यूटीयू सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार

परीक्षा से पांच दिन पहले छात्रों के व्हाट्सऐप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल पर साझा किए थे महत्वपूर्ण प्रश्न, परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र से हुआ मिलान

देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न परीक्षा से पहले छात्रों के साथ साझा करने के मामले में दून पुलिस ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग करते हुए छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से परीक्षा से संबंधित प्रश्न व्हाट्सऐप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल के माध्यम से साझा किए थे।

कोतवाली प्रेमनगर पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को वीर माधव सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय, देहरादून के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने लिखित तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि विश्वविद्यालय को 8 जुलाई 2026 को आयोजित परीक्षा के संबंध में एक ई-मेल प्राप्त हुआ था। इसमें जानकारी दी गई थी कि 3 जुलाई 2026 को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून में नियुक्त एक सहायक प्रोफेसर ने व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे।

परीक्षा सम्पन्न होने के बाद विश्वविद्यालय ने साझा किए गए प्रश्नों का प्रश्नपत्र से मिलान किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों में काफी समानता पाई गई। मामले की जांच के लिए विश्वविद्यालय द्वारा गठित आंतरिक जांच समिति की जांच में भी सामने आया कि संबंधित सहायक प्रोफेसर ने परीक्षा से पहले छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सऐप के माध्यम से परीक्षा से संबंधित समान प्रश्न साझा किए थे।

पुलिस के अनुसार, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत आशीष कुमार गुप्ता ने छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग की। तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा अपराध संख्या 144/26 के तहत धारा 316, 318 (4) और 61 (2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने त्वरित साक्ष्य संकलन और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचक द्वारा गवाहों के बयान, दस्तावेजी साक्ष्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नामजद अभियुक्त आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त से प्राप्त उपकरणों के संबंध में जांच की जा रही है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों के संबंध में भी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार अभियुक्त

आशीष कुमार गुप्ता (40), सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा। मूल निवासी शाकुम्भरी विहार, सहारनपुर, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।

पुलिस टीम

व०उ०नि० मुकेश थलेड़ी, कोतवाली प्रेमनगर; उ०नि० जयनेन्द्र राणा, चौकी प्रभारी बिधोली; उ०नि० विजय प्रताप राही; उ०नि० प्रद्युम्न सिंह नेगी; हे०कां० नरेंद्र; कां० अरशद; हे०कां० किरण कुमार और कां० पंकज कुमार (एसओजी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *