गांधी पार्क में केंद्र सरकार का पुतला फूंका, प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया बोलीं—छात्रों पर लाठीचार्ज बर्दाश्त नहीं
देहरादून, 23 जुलाई। NEET पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आम आदमी पार्टी उत्तराखंड ने गुरुवार को देहरादून के गांधी पार्क, अस्लेहोल चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पेपर लीक जैसे भ्रष्टाचार को रोकने में पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि जब देश का भविष्य छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक आवाज उठा रहे हैं, तो उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और केंद्र सरकार देश के भविष्य की लाठियों से कमर तोड़ने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि यदि देश का शिक्षा मंत्री अपना विभाग ठीक से नहीं चला पा रहा है और उसके कार्यकाल में NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक हो जाता है, जिसके कारण देश में परीक्षा देने वाले लगभग 20 बच्चे आत्महत्या तक कर लेते हैं, तो इसके बावजूद शिक्षा मंत्री का अपने पद पर बने रहना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुण्डीर ने कहा कि जब तक NEET पेपर लीक मामले की उच्चस्तरीय जांच नहीं होती और छात्रों पर लाठीचार्ज के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आम आदमी पार्टी उत्तराखंड सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी।
प्रदेश महासचिव श्याम बाबू पाण्डेय ने कहा कि पार्टी केंद्र सरकार से मांग करती है कि वह तत्काल छात्रों से माफी मांगे और शिक्षा में हो रहे भ्रष्टाचार को रोकने के लिए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करे।
प्रदर्शन में उपाध्यक्ष सुधा पटवाल, जितेन पंथ, विपिन खन्ना, सुधीर पंथ, नसीर खान, राजीव तोमर, सोनू राठी, शैलेश, तिवारी कमल राणा, दीप्ति रावत, अशोक सेमवाल, सीमा कश्यप, वीके बजाज, अकेश भट्ट समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।