भानियावाला में स्वास्थ्य शिविर, 183 लोगों ने कराई जांच

विधायक बृजभूषण गैरोला ने किया शिविर का निरीक्षण, 84 लोगों के छाती के एक्स-रे और 111 की टीबी स्क्रीनिंग

देहरादून/डोईवाला, 23 जुलाई। सुशासन एवं समर्पण कार्यक्रम के तहत गणपति वेडिंग प्वाइंट, भानियावाला में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर में 183 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डोईवाला की ओर से आयोजित शिविर में लोगों को जांच, उपचार, स्वास्थ्य परामर्श और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। विधायक ने कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

शिविर में 87 पुरुषों और 96 महिलाओं समेत कुल 183 नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। गैर-संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के तहत 101 लोगों की उच्च रक्तचाप और मधुमेह की जांच की गई। आरसीएच कार्यक्रम के अंतर्गत 28 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई, जबकि 63 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी परामर्श दिया गया। इसके अलावा 57 लाभार्थियों को पोषण एवं देखभाल संबंधी परामर्श और तीन एमसीपी कार्ड वितरित किए गए।

निक्षय (टीबी) कार्यक्रम के तहत 111 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई और 16 निक्षय मित्रों का पंजीकरण किया गया। विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत 183 लाभार्थियों को स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। आयुष्मान भारत योजना के तहत 49 एबीएचए आईडी बनाई गईं और 17 आयुष्मान कार्ड जारी किए गए। शिविर में एचबी, एलएफटी, आरएफटी और लिपिड प्रोफाइल की जांच के साथ 84 लाभार्थियों के छाती के एक्स-रे भी किए गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डोईवाला के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रताप सिंह रावत ने शिविर में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिविर के सफल आयोजन में चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, लैब तकनीशियनों, फार्मासिस्टों, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की विभिन्न कार्यक्रम टीमों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी शिविरों के माध्यम से आमजन को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का कार्य जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *