मानसून से पहले 7 जून तक पूरे हों सभी जरूरी कार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम

:- आपदा प्रबंधन को लेकर सख्त निर्देश, हर विभाग बनाए टास्क फोर्स, कंट्रोल रूम और वार रूम

देहरादून, 31 मई। मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने और जनजीवन को सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी संबंधित विभागों को 7 जून तक प्राथमिकता वाले कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आपदा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रविवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क, विद्युत, पेयजल, सिंचाई, नगर निगम, पुलिस और अन्य रेखीय विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अपेक्षाओं के अनुरूप विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित संवाद आपदा प्रबंधन की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

डीएम ने सभी विभागों को अपने स्तर पर टास्क फोर्स, कंट्रोल रूम और वार रूम स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जन शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विभागों के बीच किसी भी प्रकार का कम्युनिकेशन गैप कार्यों में बाधा नहीं बनना चाहिए।

बैठक में जनहित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पर्याप्त मैनपावर और मशीनरी तैनात कर सभी प्राथमिकता वाले कार्य 7 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजनाओं के पूरा होने के बाद सड़कों को तत्काल लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर मरम्मत और पुनर्स्थापन कार्य शुरू करने को कहा।

उन्होंने नदी, नहरों और बरसाती नालों के चौनलाइजेशन कार्य शीघ्र पूरा करने, सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने तथा नालियों और स्कवरों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जलभराव वाले क्षेत्रों में क्यूआरटी की सक्रिय निगरानी तथा विकासनगर, ऋषिकेश और नदी किनारे बसे संवेदनशील इलाकों में वाटर पंप के साथ विशेष टास्क फोर्स तैनात करने को कहा गया।

यातायात व्यवस्था को लेकर ट्रैफिक पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने और प्रमुख चौराहों पर आवश्यकतानुसार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं, सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर देते हुए डीएम ने कहा कि शिकायतकर्ताओं से स्वयं फीडबैक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *