योगी और धामी ने यमकेश्वर से दिया विकास, आध्यात्म और फिट रहने का संदेश

योगी बोले— संस्कृति और शिक्षा से आत्मनिर्भर बनेगा युवा भारत, धामी ने कहा— यमकेश्वर बनेगा आधुनिक शिक्षा और खेल सुविधाओं का केंद्र

यमकेश्वर/पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखण्ड की पावन भूमि यमकेश्वर गुरुवार को दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों के ऐतिहासिक मिलन और विकास संकल्प की साक्षी बनी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। आध्यात्म, तकनीक, शिक्षा और युवाओं के भविष्य को केंद्र में रखकर आयोजित इस कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार किया।

कार्यक्रम की शुरुआत दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना से की। उन्होंने भगवान शिव से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। यमकेश्वर पहुंचने पर जिलाधिकारी श्रीमती स्वाति एस. भदौरिया ने दोनों अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे और वहां आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ में भाग लिया। उन्होंने ग्रामीणों और परिजनों के साथ धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता करते हुए कहा कि तीन वर्ष पूर्व यहां केवल श्रद्धा और संकल्प था, लेकिन आज उसी स्थान पर भव्य मंदिर आकार ले चुका है। उन्होंने इसे आस्था और जनसहयोग की शक्ति का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और विकासात्मक दृष्टि से सदैव जुड़े रहे हैं। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की बरसी का उल्लेख करते हुए कहा कि देश आज मजबूत नेतृत्व में सुरक्षित और आत्मविश्वासी बन रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने यमकेश्वर क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी को ‘आदर्श कॉलेज’ के रूप में विकसित करने तथा क्षेत्र में मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को वैश्विक स्तर की शिक्षा और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब रहा जब महाविद्यालय की नई एआई आधारित वेबसाइट का शुभारंभ किया गया। डिजिटल तकनीक के इस अभिनव प्रयोग के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एआई बॉट से संवाद कर परीक्षा प्रणाली और परिणामों की जानकारी ली, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्र संख्या, कौशल विकास और शैक्षणिक सुविधाओं से जुड़े प्रश्न पूछे। उपस्थित लोगों ने इसे शिक्षा के डिजिटलीकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया।

इसके साथ ही महाविद्यालय के नए भवन और अत्याधुनिक सेमिनार हॉल का उद्घाटन किया गया तथा ‘विकसित भारत : एक संकल्प’ पुस्तक का विमोचन भी हुआ। युवाओं को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने के लिए ओपन जिम का शिलान्यास किया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने स्वयं जिम उपकरणों पर व्यायाम कर स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश दिया।

प्रस्तावित मिनी स्टेडियम की भूमि का निरीक्षण करते हुए दोनों मुख्यमंत्रियों ने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य तेजी से पूरा कर जल्द ही इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराजधन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट, निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. आनंद उनियाल, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ गिरीश गुणवंत, एसडीएम चतर सिंह चौहान, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार शर्मा सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *