:- महीनों से बढ़ते पेट और भारीपन को समझ रही थीं सामान्य समस्या, जांच में निकला विशाल ओवेरियन ट्यूमर
देहरादून। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कैंसर सर्जरी विभाग के चिकित्सकों ने एक 51 वर्षीय महिला के पेट से 15 किलो वजनी विशाल ओवेरियन (अंडाशय) ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकालकर उसे नई जिंदगी दी है।
महिला पिछले कई महीनों से पेट के लगातार बढ़ने, भारीपन और असहजता की समस्या से जूझ रही थीं। शुरू में इसे सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज किया गया, लेकिन जब परेशानी बढ़ने लगी तो अस्पताल में जांच कराई गई। जांच में पता चला कि उनके पेट में लगभग 15 किलो वजनी बड़ा ट्यूमर विकसित हो चुका है।
विस्तृत परीक्षण और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी के बाद कैंसर सर्जरी विभाग की टीम ने जटिल और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। सर्जरी के दौरान पूरे ट्यूमर को सुरक्षित तरीके से निकाल दिया गया। मरीज अब स्वस्थ हैं और तेजी से रिकवरी कर रही हैं।
कैंसर सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज गर्ग ने बताया कि इतने बड़े ट्यूमर की सर्जरी अत्यंत चुनौतीपूर्ण होती है और इसमें विशेष सावधानी एवं विशेषज्ञता की आवश्यकता होती है। पूरी मेडिकल टीम के समन्वित प्रयासों और अनुभव के कारण ऑपरेशन सफल रहा।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि वर्ष 2026 में भी कई मरीज जागरूकता की कमी और समय पर इलाज न कराने के कारण गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंच रहे हैं।
डॉ. गर्ग ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि यदि पेट लगातार बढ़ रहा हो, पेट फूलने की समस्या हो, दर्द बना रहता हो, जल्दी पेट भर जाता हो या बार-बार पेशाब आने जैसी शिकायतें हों, तो इन्हें सामान्य समस्या मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों का सफल इलाज संभव है और मरीज की जान भी बचाई जा सकती है।