दहेज में बाइक न मिलने पर पत्नी की हत्या, “बीमारी” की झूठी कहानी बनाकर भागा पति गिरफ्तार

:- ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपी सेलाकुई बाजार से दबोचा

 देहरादून। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सेलाकुई पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दहेज में मोटरसाइकिल न मिलने से नाराज होकर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और बाद में बीमारी से मौत की झूठी कहानी गढ़ दी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस टीम ने लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र की मदद से 03 मई 2026 को आरोपी को सेलाकुई बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) निवासी वादी लाल मोहम्मद ने 01 मई 2026 को थाना सेलाकुई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके दामाद आरिफ अली ने उसकी बेटी शाहीन बानो की दहेज के लिए हत्या कर दी। इस पर थाना सेलाकुई में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2025 में शाहीन बानो से हुई थी। शादी के बाद से ही वह दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर पत्नी से विवाद करता रहता था। एक माह पहले दोनों सेलाकुई आकर किराए के कमरे में रहने लगे थे। घटना के दिन झगड़े के दौरान आरोपी ने गुस्से में पत्नी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी और आसपास के लोगों को बीमारी से मौत की बात बताई।

पुलिस टीम में क्षेत्राधिकारी सहसपुर अनुज कुमार, थानाध्यक्ष लोकपाल परमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *