विकासनगर सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में डीएम का छापा, पुराने विलेख जब्त, स्टांप चोरी के 47 मामले उजागर

:- प्रतिबंधित भूमि की रजिस्ट्री पर भी सवाल, पूर्व व वर्तमान सब-रजिस्ट्रारों की होगी जांच

देहरादून, 04 मई 2026 : जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को विकासनगर स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में औचक निरीक्षण कर कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया। छापेमारी के दौरान वर्ष 2018, 2024 और 2025 तक के मूल विलेख पत्र संदिग्ध स्थिति में पाए गए, जिन्हें प्रशासन ने तत्काल जब्त कर लिया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि विक्रय हेतु प्रतिबंधित भूमि की रजिस्ट्री किए जाने के मामले सामने आए हैं, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है। इसके अलावा धारा 47-ए के अंतर्गत स्टांप शुल्क की चोरी के 47 प्रकरण भी चिन्हित किए गए हैं, जिसे गंभीर वित्तीय अनियमितता माना जा रहा है।

निरीक्षण में कार्यालय संचालन में पारदर्शिता की कमी, अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही और प्रक्रियात्मक नियमों के उल्लंघन जैसी कई खामियां भी उजागर हुईं। जिलाधिकारी ने इन सभी मामलों की विस्तृत जांच के निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान के साथ-साथ पूर्व में तैनात सब-रजिस्ट्रारों के कार्यकाल की भी गहन पड़ताल की जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जा रही है। डीएम ने स्पष्ट किया कि दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय और विधिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, डीजीसी नितिन वशिष्ठ, तहसीलदार विकासनगर विवेक राजौरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *