मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज: 8 जून से घर-घर जाएंगे बीएलओ, 15 सितंबर को आएगी अंतिम वोटर लिस्ट

देहरादून, 16 मई। जनपद देहरादून में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ पुनरीक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की गई। डीएम ने सभी दलों से प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 नियुक्त करने की अपील करते हुए कहा कि पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची के लिए राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 29 मई से 7 जून तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग और कार्मिकों का प्रशिक्षण कराया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन करेंगे। इसी दौरान नए पोलिंग बूथों का अंतिम निर्धारण भी किया जाएगा।

डीएम ने बताया कि 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रथम ड्राफ्ट प्रकाशित होगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 11 सितंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को जारी होगी।

उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मृत, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं के नाम हटाना है। देहरादून जनपद की 10 विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान में 13 लाख 80 हजार 800 मतदाता पंजीकृत हैं। प्री-एसआईआर अभियान के तहत अब तक 11 लाख 1 हजार 437 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है, जो कुल का 79.77 प्रतिशत है।

बैठक में बताया गया कि जनपद के 1882 मतदेय स्थलों में भाजपा ने 1836, कांग्रेस ने 1443 और सीपीआई ने 378 बीएलए-2 नियुक्त किए हैं। अधिकृत बीएलए-2 संबंधित बीएलओ के साथ समन्वय कर मतदाता सूची के परीक्षण और संशोधन कार्य में सहयोग करेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक ईसीआई-नेट और निर्वाचन आयोग की सेवाओं के माध्यम से वोटर कार्ड संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर पुनरीक्षण अभियान को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

…………………………..

हाइलाइटर:-

29 मई से शुरू होगा प्रशिक्षण और प्रपत्र वितरण कार्य

8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर सर्वे करेंगे बीएलओ

14 जुलाई को प्रकाशित होगा वोटर लिस्ट का पहला ड्राफ्ट

13 अगस्त तक दावे-आपत्तियां, 11 सितंबर तक निस्तारण

15 सितंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

देहरादून में 13.80 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत

अब तक 79.77 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी

पारदर्शिता के लिए हर बूथ पर बीएलए-2 नियुक्ति पर जोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *