:- ऊर्जा बचत, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन खपत कम करने को लेकर यूजेवीएन लिमिटेड का बड़ा फैसला
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण, ईंधन बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग संबंधी आह्वान तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरित एवं स्वच्छ उत्तराखंड के विजन को आगे बढ़ाते हुए यूजेवीएनएल ने सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” लागू करने का निर्णय लिया है।
यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि निगम के सभी महाप्रबंधकों एवं उपमहाप्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने कार्यालयों में सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” निर्धारित करें। मुख्यालय में यह दिवस शनिवार को मनाया जाएगा, जबकि क्षेत्रीय इकाइयों में स्थानीय सुविधा के अनुसार दिन तय किया जाएगा।
उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह
उन्होंने कहा कि ऊर्जा खपत कम करने के उद्देश्य से कार्यालयों और सरकारी भवनों में एयर कंडीशनर का उपयोग केवल आवश्यकता पड़ने पर ही किया जाएगा। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को साइकिल से कार्यालय आने-जाने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि निगम की कैंटीनों में खाद्य पदार्थों के निर्माण में तेल के उपयोग को भी यथासंभव कम करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा वर्चुअल मीटिंग को बढ़ावा देने, अनावश्यक सरकारी खर्चों में कटौती तथा विदेश यात्राओं को सीमित करने जैसे कदम भी उठाए जा रहे हैं।
ऊर्जा संरक्षण की दिशा में निगम पहले ही मुख्यालय उज्ज्वल एवं यमुना कॉलोनी स्थित गंगा भवन में 238 किलोवाट क्षमता के रूफ-टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र और सोलर ट्री स्थापित कर चुका है। इसके अलावा डाकपत्थर, ढकरानी, ऋषिकेश और हरिद्वार स्थित कार्यालयों में भी 91 किलोवाट क्षमता के रूफ-टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए गए हैं। मुख्यालय परिसर में इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
अजय कुमार सिंह ने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड ऊर्जा बचत, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और निगम के सभी अधिकारी-कर्मचारी इस अभियान में सक्रिय सहयोग देंगे।
हाइलाइटर:-
सप्ताह में एक दिन रहेगा “नो व्हीकल डे”
कर्मचारियों को साइकिल और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की अपील
इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को मिलेगा बढ़ावा
यूजेवीएन कार्यालयों में सौर ऊर्जा संयंत्र पहले से संचालित
गैर जरूरी खर्चों और विदेश यात्राओं में कटौती के निर्देश