एसआईआर : 89 प्रतिशत मैपिंग पूरी, बीएलओ प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान तेज

:- मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने की एसआईआर तैयारियों की समीक्षा
देहरादून, ब्यूरो। देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन रविवार को देहरादून स्थित बीजापुर राज्य अतिथि गृह में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची का शुद्धिकरण करते हुए “एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डुप्लीकेट और विदेशी मतदाताओं” की पहचान करना है। उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे पुनरीक्षण अभियान में बीएलओ का सहयोग करें तथा अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराएं।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि प्रदेश में प्री-SIR चरण के तहत 89 प्रतिशत मैपिंग पूरी कर ली गई है। साथ ही गणना प्रपत्रों की छपाई की तैयारी भी पूरी हो चुकी है।
उन्होंने जानकारी दी कि डीईओ, डिप्टी डीईओ तथा ईआरओ/एईआरओ का प्रथम चरण प्रशिक्षण पूरा हो गया है, जबकि बीएलओ एवं अन्य फील्ड स्टाफ का प्रशिक्षण जारी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और ईआरओ को राजनीतिक दलों के साथ प्रत्येक सप्ताह बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, एडीजी डॉ. वी मुरुगेशन, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, नवनियुक्त जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *