कांवड़ यात्रा में ईंधन और रसोई गैस की नहीं होगी कमी, पेट्रोल पंप 24 घंटे रहेंगे खुले

डीएम के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी ने पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों के साथ की बैठक, पर्याप्त स्टॉक और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

देहरादून, 1 अगस्त। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और आवश्यक सेवाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने ईंधन एवं रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी पूरी कर ली है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल की अध्यक्षता में ऋषिकेश क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सभी गैस एजेंसियों को घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और उपभोक्ताओं तक समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि यात्रा अवधि के दौरान रविवार को भी सभी गैस एजेंसियां अनिवार्य रूप से संचालित रहेंगी, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए गए कि गैस वितरण में लगे सभी वाहनों पर एजेंसी की स्पष्ट पहचान संबंधी फ्लैक्सी या बैनर लगाए जाएं। प्रत्येक वाहन में अग्निशमन यंत्र और तौल कांटा अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे तथा सभी डिलीवरी कर्मी निर्धारित ड्रेस और पहचान पत्र के साथ ही वितरण कार्य करें।

बैठक में पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा की पूरी अवधि में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त भंडारण बनाए रखें तथा सभी पेट्रोल पंप 24 घंटे संचालित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं, आपातकालीन सेवाओं और आम नागरिकों को निर्बाध रूप से ईंधन उपलब्ध हो सके।

इस दौरान पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसी संचालकों ने सुझाव दिया कि ईंधन एवं गैस के टैंकरों की निर्बाध आवाजाही के लिए प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक मार्ग खुला रखा जाए, जिससे आवश्यक आपूर्ति समय पर विभिन्न केंद्रों तक पहुंचाई जा सके।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को ईंधन एवं रसोई गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में वरिष्ठ पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली सहित संजीव कुमार गोयल, अनिरुद्ध गोयल, अशोक जैन, सुनील अग्रवाल, नवनीत नागलिया, दिवंबर प्रसाद लखेड़ा, मुकुल दलाल, कमल सिंह तथा क्षेत्र के कई व्यवसायी एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *