कांवड़ मेला-2026: एसएसपी श्वेता चौबे ने संभाली कमान, श्रद्धालुओं को बांटे फल-जल, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा


टिहरी गढ़वाल, 1 अगस्त। कांवड़ मेला-2026 के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने मुनि की रेती क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और मेला व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPOs) से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने मेला ड्यूटी में सहयोग कर रहे एसपीओ को टी-शर्ट, टोपी और पहचान पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को फल, जूस और पेयजल वितरित किया तथा सभी से सुरक्षित और अनुशासित यात्रा करने की अपील की। उन्होंने पुलिस द्वारा जारी यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने का भी आग्रह किया।

एसएसपी ने खोया-पाया केंद्र का निरीक्षण कर वहां तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि भीड़ में बिछड़ने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सभी श्रद्धालुओं की संवेदनशीलता और तत्परता के साथ सहायता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात, प्रभावी भीड़ प्रबंधन, गंगा घाटों की निगरानी और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विशेष सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।

टिहरी पुलिस ने कहा कि वह “सेवा, सुरक्षा और सहयोग” की भावना के साथ कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *