:- कैंट क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर की थी चोरी, CCTV व मुखबिर की मदद से 24 घंटे में खुलासा
देहरादून, 17 अप्रैल। दून पुलिस का ऑपरेशन प्रहार अपराधियों के लिए लगातार मुसीबत बनता जा रहा है। कोतवाली कैंट क्षेत्र में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले एक शातिर अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी कुछ ही दिन पहले जेल से छूटकर बाहर आया था और फिर से आपराधिक वारदात में शामिल हो गया।
पुलिस के अनुसार, वादी चंद्र मोहन इस्सर निवासी ईदगाह थर्ड बिंदाल ने कोतवाली कैंट में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर कीमती घड़ी, नगदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। इस पर पुलिस ने मु0अ0सं0 63/2026 धारा 305(1)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान के प्रयास शुरू किए। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और पुराने अपराधियों का सत्यापन भी किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 16 अप्रैल की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर भगत सिंह कॉलोनी स्थित मस्जिद के पास से समद उर्फ समर कुरैशी (28) निवासी रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से चोरी की गई कीमती घड़ी, 1500 रुपये नगद और अन्य सामान बरामद हुआ।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 27 मार्च 2026 को ही जेल से छूटा था और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।