पेंशनरों के सत्यापन के लिए विशेष शिविर 22 व 24 अप्रैल को

: सहसपुर व डोईवाला ब्लॉक में लगेगा कैंप, अनुपस्थित रहने पर पेंशन रुकने की चेतावनी

देहरादून, 17 अप्रैल। जनपद में पेंशन योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने भौतिक सत्यापन अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर समाज कल्याण, महिला कल्याण और ग्राम्य विकास विभाग की संयुक्त टीम द्वारा 22 और 24 अप्रैल को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

सविन बंसल, जिलाधिकारी देहरादून

जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि 22 अप्रैल को सहसपुर विकासखंड के ग्राम खुशहालपुर स्थित पंचायत भवन में तथा 24 अप्रैल को डोईवाला ब्लॉक के राइका बुल्लावाला में सुबह 11 बजे से पेंशनरों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शिविरों में ग्राम प्रधान, सहायक समाज कल्याण अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। मौके पर ही परिवार रजिस्टर की नकल के आधार पर सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वृद्धावस्था, दिव्यांग, विधवा और परित्यक्ता पेंशनधारकों को स्वयं उपस्थित होकर वोटर आईडी और आधार कार्ड की मूल प्रति साथ लानी होगी। निर्धारित तिथि पर सत्यापन नहीं कराने वाले पेंशनरों की आगामी पेंशन धनराशि रोकी जा सकती है।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए सभी पेंशनरों का समयबद्ध सत्यापन कराया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ बिना बाधा मिलता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *