:- विकासनगर क्षेत्र में वारदात, 1 लाख की फिरौती मांगने का आरोप
:- पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद किया
:- लगातार दबिश के बाद मुख्य महिला आरोपी शिल्पी गिरफ्तार
देहरादून, 17 अप्रैल 2026 : दून पुलिस का ऑपरेशन प्रहार अपराधियों के खिलाफ लगातार असर दिखा रहा है। फिरौती के लिए अपहरण जैसे गंभीर मामले में फरार चल रही महिला अभियुक्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस मामले में 5 आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 मार्च 2026 को भोजावाला, विकासनगर निवासी श्रीमती पुष्पा देवी ने कोतवाली विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि शाम के समय कुछ अज्ञात व्यक्ति, जिनमें एक युवती भी शामिल थी, वाहन संख्या UK07FS 4482 और कुछ मोटरसाइकिलों के साथ उनके घर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने उनके पुत्र शक्ति पुंडिर के साथ मारपीट कर उसे जबरन वाहन में अगवा कर लिया।
कुछ समय बाद आरोपियों द्वारा युवक को छोड़ने के बदले 1 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 63/2026, धारा 140(2)/115(2)/333 BNS के तहत मामला दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत शक्ति सिंह को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही घटना में शामिल 5 अभियुक्तों — प्रवीण, नीरज, विकास बैरागी, सचिन और नवीन खन्ना — को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पूछताछ के दौरान मामले में शिल्पी (26 वर्ष), निवासी टोंस कॉलोनी डाकपत्थर का नाम सामने आया, जो घटना के बाद से फरार चल रही थी।
अभियुक्ता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आखिरकार 17 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे विकासनगर रोड स्थित समरफील्ड स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया।