बैरियर तोड़कर भागा बदमाश, मुठभेड़ में पुलिस ने पैर में मारी गोली


देहरादून, 17 अप्रैल 2026। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार और कारतूस बरामद कर वाहन को सीज कर दिया।


संदिग्ध कार से शुरू हुई कार्रवाई

16 अप्रैल 2026 की मध्य रात्रि पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक संदिग्ध सफेद रंग की स्विफ्ट कार (UK08TA-9193) पीली कोठी, हर्रावाला क्षेत्र में घूम रही है। सूचना पर हर्रावाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कार चालक पुलिस को देखकर भागने लगा।


बैरियर तोड़कर भागा, पुलिस ने किया पीछा

पुलिस टीम द्वारा बैरियर पर रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन को नहीं रोका और स्लाइडिंग बैरियर को टक्कर मारते हुए हरिद्वार की ओर भाग निकला। पुलिस ने तत्काल पीछा शुरू कर उच्चाधिकारियों को सूचना दी।


फायरिंग के बाद मुठभेड़

कुआंवाला से करीब 1 किलोमीटर आगे आरोपी का वाहन हाईवे किनारे लगे एनएच बोर्ड से टकरा गया। इसके बाद वह जंगल की ओर भागा और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।


हथियार बरामद, अस्पताल में भर्ती

घायल आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, 02 खोखा कारतूस और 01 जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी को तत्काल उपचार के लिए दून अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना पर एसएसपी देहरादून स्वयं अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली।


पहले से था वांछित, लंबा आपराधिक इतिहास

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम क्रान्तानाथ (26 वर्ष) पुत्र मौसमनाथ निवासी सपेरा बस्ती, घिस्सुपुरा, थाना पथरी, हरिद्वार बताया।
जांच में सामने आया कि वह कोतवाली डोईवाला और रानीपोखरी में दर्ज चोरी के मामलों में वांछित था। आरोपी के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।


पुलिस ने दर्ज किया नया मुकदमा

पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग और अवैध हथियार बरामदगी के आधार पर कोतवाली डोईवाला में आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में नया अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।


बरामदगी

  • 01 देशी तमंचा 315 बोर

  • 02 खोखा कारतूस

  • 01 जिंदा कारतूस

  • घटना में प्रयुक्त मारूति स्विफ्ट कार (UK08TA-9193)


पुलिस टीम

उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, विनय मित्तल, विजय थपलियाल, राजनारायण व्यास सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों ने कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *