:- शस्त्रागार, भोजनालय, आवासीय परिसर और परिवहन शाखा का लिया जायजा, साफ-सफाई और गुणवत्ता पर सख्त निर्देश
देहरादून, 17 अप्रैल 2026 : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने शुक्रवार को पुलिस लाइन देहरादून का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और पुलिस कर्मियों के साथ स्वयं दौड़ लगाकर उनकी शारीरिक दक्षता को परखा।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को मानसिक और शारीरिक रूप से फिट रहने का संदेश देते हुए नियमित परेड को अनिवार्य बताया।
परेड के बाद उन्होंने पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार (आरमरी) का निरीक्षण किया। इस दौरान शस्त्रों की स्थिति, रख-रखाव और सरकारी संपत्ति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी हथियारों की नियमित साफ-सफाई की जाए और कर्मियों को उनकी हैंडलिंग का नियमित अभ्यास कराया जाए।
स्टोर कार्यालय के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने एंटी-रायट उपकरण, बुलेटप्रूफ जैकेट और अन्य सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिलेखों के रख-रखाव को दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
आवासीय परिसर, बैरक और भोजनालय के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। भोजनालय में कर्मियों को उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस मॉडर्न स्कूल के निरीक्षण में शिक्षकों से बातचीत कर छात्र हित को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान वाहनों की फिटनेस, साफ-सफाई और रखरखाव का जायजा लिया गया। साथ ही सभी अभिलेखों को अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन पुलिस कर्मियों—राजेश जोशी, रमेश रावत और सूरज सिंह—को उत्साहवर्धन हेतु सम्मानित किया गया।
अंत में एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गोष्ठी कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।