विशेषज्ञ व्याख्यानों से बछेलीखाल पॉलीटेक्निक के विद्यार्थियों को मिला नया ज्ञान

:- डी.फार्मा विद्यार्थियों को दवा संबंधी त्रुटियों से बचाव और इंजीनियरिंग छात्रों को एप्लाइड केमिस्ट्री के आधुनिक प्रयोगों की दी जानकारी

बछेलीखाल। उत्तराखंड राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान बछेलीखाल में विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक ज्ञान को बढ़ाने के उद्देश्य से दो विशेषज्ञ व्याख्यानों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उनके विषय से जुड़े नवीनतम ज्ञान, तकनीकों और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।

डी.फार्मा विद्यार्थियों के लिए सरदार भगवान सिंह विश्वविद्यालय, देहरादून के फार्मेसी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर अंकुश सुन्दरियाल ने ‘LASA Drugs: Identify, Understand and Prevent Medication Errors’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को एक जैसी दिखने या एक जैसे नाम वाली दवाओं (LASA Drugs) की पहचान, दवा देने में होने वाली संभावित त्रुटियों तथा उन्हें रोकने के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने दवा सुरक्षा में सावधानी और सही पहचान के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

वहीं इंजीनियरिंग विद्यार्थियों के लिए सरदार भगवान सिंह विश्वविद्यालय की एप्लाइड केमिस्ट्री विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नीतू पाण्डेय ने ‘Recent Advances and Applications of Applied Chemistry’ विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। उन्होंने एप्लाइड केमिस्ट्री के क्षेत्र में हो रहे नवीन शोध, औद्योगिक उपयोगों तथा विभिन्न इंजीनियरिंग क्षेत्रों में इसकी उपयोगिता के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान की प्रधानाचार्या श्रीमती नर्मदा सिंह ने की। उन्होंने दोनों विशेषज्ञ वक्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के विषय विशेषज्ञ व्याख्यान विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और व्यावसायिक दृष्टिकोण को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विशेषज्ञों के अनुभव और मार्गदर्शन का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में दोनों अतिथि वक्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया। संस्थान परिवार ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर डॉ. शुभा पोखरिया, श्री आदेश कुमार, श्री राज कुमार आर्य, श्री आर.एस. जगवाण, श्री अभिमन्यु सैनी, श्री पी.एस. रावत, श्री भास्करानंद सहित संस्थान के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *