राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का देहरादून में आगाज

:- अंडर-19, अंडर-17 और अंडर-14 वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, चंपावत-पिथौरागढ़ की टीमों ने दर्ज की जीत

देहरादून, 18 सितंबर। माध्यमिक शिक्षा विभाग, देहरादून के तत्वावधान में राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में हुआ। प्रतियोगिता 17 से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से अलग-अलग आयु वर्गों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

प्रतियोगिता का शुभारंभ राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने किया। कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, प्रतियोगिता संयोजक एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून तथा स्थल संयोजक एवं प्रधानाचार्य महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मौजूद रहे। उत्तराखंड वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष (युवा) सचिन गुप्ता, जिला सहकारी विकास संघ लिमिटेड, देहरादून के अध्यक्ष राहुल गुप्ता समेत अन्य गणमान्य अतिथियों और समाजसेवियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के मुकाबलों में अंडर-19 बालक वर्ग के पहले मैच में अल्मोड़ा और चंपावत की टीमें आमने-सामने रहीं। चंपावत ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम किया। इसी वर्ग के एक अन्य मुकाबले में पिथौरागढ़ ने नैनीताल को 6-4 से पराजित किया।

अंडर-17 बालक वर्ग में महाराणा प्रताप ने देहरादून को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। वहीं अंडर-14 बालक वर्ग में चंपावत ने देहरादून को 5-2 से हराया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला खेल समन्वयक जयदेव सिंह रावत के नेतृत्व में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रतियोगिता के दौरान हॉकी सचिव, तकनीकी अधिकारी, निर्णायक और अन्य खेल अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।

इस अवसर पर बीएस नेगी, घनश्याम आर्य, रोहित नेगी, नितिन कुमार, रवि रावत, इरफान, कामिनी धीमान, सुधा, संध्या, महेश्वर गुप्ता, अमित, वीरेंद्र, सुल्तान, राजेश, सौरभ, दीपक सहित अन्य अधिकारी और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के युवा हॉकी खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना तथा विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *