श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 80 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

:- मैक्स हॉस्पिटल देहरादून के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की जांच, बीपी-शुगर के साथ फाइब्रोस्कैन की सुविधा भी उपलब्ध

उत्तरकाशी। श्री काशी विश्वनाथ सेवा मंडल, उत्तरकाशी एवं मैक्स हॉस्पिटल, देहरादून के सहयोग से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। भगवान श्री काशी विश्वनाथ जी की प्रेरणा तथा महंत जयेंद्र पुरी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

शिविर में मैक्स हॉस्पिटल, देहरादून के वरिष्ठ परामर्शदाता एवं डीएम गैस्ट्रो डॉ. प्रत्युष सिंघल तथा फिजिशियन डॉ. नवीन नाथ ने मरीजों की जांच की और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया।

शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और फाइब्रोस्कैन (FibroScan) जैसी जांच सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। शिविर में कुल 80 रोगियों ने स्वास्थ्य जांच, उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लिया।

शिविर के सफल संचालन में सेल्स एवं मार्केटिंग से श्री रजत, नर्सिंग विभाग से श्री पारस तथा श्री काशी विश्वनाथ स्वास्थ्य सेवा से श्री रोनित पंवार, श्री केशव, श्री अरविंद मटूडा, श्री बाबू लाल सहित अन्य सहयोगियों ने योगदान दिया।

आयोजकों के अनुसार, शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य जांच की सुविधा पहुंचाना रहा। इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों को समय पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और चिकित्सकीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *