पुलिस की वर्दी का रौब दिखाना पड़ा भारी, मसूरी में शराब पीकर गाड़ी चला रहा युवक गिरफ्तार

:- पिता की यूपी पुलिस वर्दी और पी-कैप रखकर झाड़ रहा था रौब, दून पुलिस ने उतारी खुमारी

देहरादून। मसूरी में चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने एक युवक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए गिरफ्तार किया। युवक अपनी कार में उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी और पी-कैप रखकर खुद को पुलिस से जुड़ा बताकर टोल टैक्स और पार्किंग शुल्क से बचने की कोशिश कर रहा था।

कोतवाली मसूरी पुलिस द्वारा लाइब्रेरी चौक पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान यूपी नंबर की एक वैगनआर कार संदिग्ध हालत में आती दिखाई दी। पुलिस ने जब वाहन को रोका तो डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप और पीछे हैंगर में उपनिरीक्षक की वर्दी टंगी मिली।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम विनय सिंह निवासी मेरठ बताया। पुलिस जांच में युवक शराब के नशे में वाहन चलाता मिला। उसके साथ कार में तीन अन्य युवक भी मौजूद थे। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक हैं और वह टोल टैक्स, पार्किंग शुल्क व अन्य जगहों पर रौब जमाने के लिए वर्दी और पी-कैप साथ रखता था।

पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव और यातायात नियमों के उल्लंघन में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर कार सीज कर दी।

अभियान के दौरान पुलिस ने काली फिल्म लगे वाहनों, नो पार्किंग और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की। कई वाहनों के चालान काटे गए और सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाया गया।

कार्रवाई का विवरण

कुल चालान : 98

नो पार्किंग चालान : 67

ब्लैक फिल्म चालान : 01

खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर चालान : 05

ड्रिंक एंड ड्राइव में 01 कार सीज

03 दोपहिया वाहन सीज

यातायात नियम उल्लंघन में 21 चालान

कुल संयोजन शुल्क व जुर्माना : हजारों रुपये वसूले गए

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *