चारधाम यात्रियों के लिए अलर्ट: 12-13 मई को खराब मौसम की चेतावनी, सतर्कता बरतने की अपील

:- गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय बोले— मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही करें यात्रा, प्रशासन ने सभी विभागों को किया अलर्ट

देहरादून। मौसम विभाग द्वारा 12 एवं 13 मई को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा और प्रतिकूल मौसम की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए गढ़वाल मंडल आयुक्त श्री विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने और मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।

गढ़वाल मंडल आयुक्त श्री विनय शंकर पांडेय ने कहा कि मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम की संभावना व्यक्त की है। ऐसे में चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु यात्रा कार्यक्रम बनाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें और प्रशासन व स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा करना अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक रहेगा।

आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यात्रा मार्गों पर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग, संयम और सतर्कता से चारधाम यात्रा सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *